नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 15 अगस्त (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम. ए. बेबी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण की आलोचना करते हुए कहा कि घोषणाओं और वादों की झड़ी लगाने के मामले में मोदी का कोई मुकाबला नहीं है तथा वह एक 'अद्भुत मिसाल' हैं।
इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि प्रतिवर्ष दो करोड़ नौकरियां देने के उनके पुराने वादे का क्या हुआ।
नयी दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बेबी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक करोड़ युवाओं को मुफ्त एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) प्रशिक्षण देने की घोषणा करके युवाओं को निशाना बनाने की कोशिश की है।
माकपा नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने पहले हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था और उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि उस वादे का क्या हुआ। जब घोषणाओं और वादों की झड़ी लगाने की बात आती है तो प्रधानमंत्री एक 'अद्भुत मिसाल' हैं, लेकिन भारतीयों का अनुभव यह रहा है कि इनमें से कोई भी वादा कभी पूरा नहीं किया जाता।’’
बेबी ने कहा कि भारत के लिए आजादी को अर्थपूर्ण बनाने के लिए वादों को पूरा करने में विफल रही मोदी सरकार को हटाना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा, 'माकपा का रुख यह है कि कम्युनिस्ट पार्टी अन्य दलों के सहयोग से खुद को इस कर्तव्य के प्रति समर्पित करेगी।'
भाषा सुमित माधव
माधव