जयपुर, 15 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को पार्टी के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का मूल संस्करण नहीं बजने और उसकी जगह अलग संगीत वाला संस्करण बजने पर माफी मांगी।
भाजपा ने जयपुर के बड़ी चौपड़ पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया था, जहां राठौड़ ने मुख्य मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का मूल संस्करण बजाया जाना था, लेकिन साउंड सिस्टम पर अलग संगीत वाला ‘वंदे मातरम्’ बज गया। इस कार्यक्रम में जयपुर की सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य और भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
आयोजकों ने तुरंत गलती सुधारने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वहां मौजूद लोगों और मीडिया के कैमरों में यह घटना रिकॉर्ड हो चुकी थी।
बाद में मदन राठौड़ ने इस गलती के लिए माफी मांगी और इसे कार्यक्रम की व्यवस्था संभाल रही टीम की तकनीकी और मानवीय चूक बताया।
राठौड़ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने वाली टीम से तकनीकी और मानवीय त्रुटि हुई। मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।’’
उन्होंने कहा कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत