पटना, 15 अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को कहा कि वह जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर जिस तरह की राजनीति कर रहे हैं उसका वह 'समर्थन' करते हैं, क्योंकि वह लोगों को धर्म और जाति के आधार पर एकजुट करने की कोशिश करने के बजाय 'विकास की बात करते हैं'।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष पासवान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी पार्टी कार्यालय में तिरंगा फहराने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बयान दिया।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगी से बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हाल ही में हुए उपचुनाव में किशोर की शानदार जीत के बारे में पूछा गया। यह सीट भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रही है और इस सीट से विधायक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस्तीफा दे दिया था। नवीन अब राज्यसभा सदस्य हैं।
पासवान ने कहा, 'प्रशांत जिस तरह की राजनीति करते हैं, मैं उसका समर्थन करता हूं। वह विकास की बात करते हैं और जाति व धर्म को मुद्दा नहीं बनाते। मैं हर उस व्यक्ति के साथ खड़ा हूं, जो बिहार और बिहारियों को आगे ले जाने का वादा करता है। आने वाले वर्ष उनके लिए भी और राज्य की डबल इंजन सरकार के लिए भी चुनौतीपूर्ण होंगे, क्योंकि दोनों को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।'
बिहार में पासवान, भाजपा के अकेले ऐसे सहयोगी हैं, जिन्होंने चुनावी मैदान में उतरने के बाद पूर्व राजनीतिक रणनीतिकार की तारीफ की है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप