नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को अमेरिका, चीन, फ्रांस, जर्मनी, ईरान और कई अन्य देशों के दूतावासों ने भारत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों पर जोर देते हुए और देश के लोकतंत्र और अनेकता की भावना को रेखांकित करते हुए बधाई दी।
कई राजनयिकों ने भी यहां इस मौके पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
अमेरिकी दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इस खास दिन को मना रहे भारत भर के अपने दोस्तों को हम अपनी शुभकामनाएं देते हैं। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र के बीच ऐतिहासिक संबंध बहुत अहम और दूरगामी हैं। हम आने वाले वर्षों में अमेरिका-भारत की साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं। भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई!”
ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और सिंगापुर के उच्चायुक्तों ने भी इस खास मौके पर शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ बांग्लादेश भारत के सभी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को उनके 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई देता है। हम उन बहादुर लोगों को पूरे सम्मान के साथ याद करते हैं, जिन्होंने लंबे स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी जान दी।”
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट की शुरुआत हिंदी में सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए की। उन्होंने कहा, “उच्चायोग केसरिया, सफेद और हरे रंगों से जगमगा रहा है और हमारी टीम गर्व के साथ भारतीय तिरंगे के रंगों वाले कपड़े पहने हुए है। हम सभी की ओर से दुनिया भर के भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत बधाई! हर घर तिरंगा।” देश ने शनिवार को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां लाल किला परिसर में देशभक्ति के जोश और कड़ी सुरक्षा के बीच समारोह का नेतृत्व किया।
भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग समारोह में शामिल हुए, लाल किला परिसर में अपनी कुछ तस्वीरें साझा कीं और ‘एक्स’ पर “भारत को हार्दिक बधाई” लिखा।
भारत में जर्मनी के मनोनीत राजदूत जैस्पर वीक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा: “सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई! ” साथ ही एक छोटा वीडियो भी साझा किया।
वीडियो में उन्होंने कहा, “इस शानदार दिन पर, मैं भारत के लोगों के लिए शांति, आज़ादी और समृद्धि की कामना करता हूं।”
जर्मन दूतावास ने ‘एक्स’ पर उनका वीडियो पोस्ट साझा किया और लिखा: “स्वतंत्रता दिवस की बधाई भारत!”
भारत में फ्रांसीसी दूतावास ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया।
इसमें कहा गया, “स्वतंत्रता दिवस 2026 पर हमारी हार्दिक शुभकामनाएं! भारत हर उस व्यक्ति पर गहरी छाप छोड़ता है, जो इसे अपना घर मानता है - भले ही कुछ समय के लिए ही क्यों न हो। हमने अपने कुछ फ्रांसीसी सहयोगियों से पूछा जो यहां से जा रहे थे कि उन्हें भारत की कौन सी बातें सबसे ज्यादा याद आएगी। उनके जवाब सब कुछ बयां करते हैं। स्वतंत्रता दिवस फ्रांस भारत।”
सिंगापुर उच्चायोग और ईरान व इजराइल के दूतावासों ने भी भारतीयों को बधाई दी।
सिंगापुर उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत में मौजूद हमारे सभी दोस्तों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं! सिंगापुर और भारत पक्के दोस्त हैं और हमारा रिश्ता दिन-ब-दिन और मजबूत होता जा रहा है। सिंगापुर-भारत की साझेदारी की सबसे यादगार झलकियां दिखाने वाला यह वीडियो जरूर देखें! भारत को कोई नहीं रोक सकता। चक दे! इंडिया।”
भारत में इजराइली दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “इजराइल के लोगों की ओर से, स्वतंत्रता दिवस पर भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं! भारत की आजादी, लोकतंत्र और अनेकता की यात्रा हम सभी को प्रेरित करती है। भारत ऐसे ही तरक्की करता रहे। हमारी बढ़ती भारत-इजराइल साझेदारी हमारी गहरी दोस्ती और बेहतर भविष्य के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
ईरान के दूतावास ने “भारत गणराज्य की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत सरकार और भारत के मित्रवत लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं” दीं।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप