जम्मू, 15 अगस्त (भाषा) किश्तवाड़ जिले के याइवन के दच्छन इलाके में शनिवार को एक महिंद्रा स्कॉर्पियो के सड़क से फिसलकर चिनाब नदी में गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं। बचाव दल अभियान के दौरान मृतकों की पहचान और उसमें सवार लोगों की सही संख्या का पता लगा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बात की।
सिंह ने कहा, 'दुर्भाग्य से वाहन में सवार सभी पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।' उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में पांच लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, 'पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैंने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित लोगों को तुरंत मदद पहुंचाई जाए।'
जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भी पांच लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और जिला प्रशासन तथा वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की मदद करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, 'इस भयानक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत मिले, इसके लिए प्रार्थना कर रहा हूं।'
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश