अमरेली (महाराष्ट्र), 15 अगस्त (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ ने देशभक्ति की भावना जगाई और स्वतंत्रता आंदोलन में नयी चेतना का संचार किया।
उन्होंने कहा कि गुजरात सेमीकंडक्टर युग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की रफ्तार के साथ-साथ प्राचीन आयुर्वेद की विरासत को भी समेटे हुए है।
पटेल ने भारत के समग्र विकास के साथ-साथ राज्य की समावेशी और निरंतर प्रगति के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पटेल अमरेली में तिरंगा फहराने के बाद संबोधित कर रहे थे, जहां राज्य का आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रगीत की 150वीं वर्षगांठ के समारोहों ने भारतीयों को औपनिवेशिक मानसिकता से ऊपर उठने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए सशक्त बनाया है।
उन्होंने कहा, ‘वंदे मातरम् ने राष्ट्रवाद का संदेश दिया। इसने देशभक्ति की भावना जगाई और स्वतंत्रता आंदोलन में नयी चेतना का संचार किया।’’
पटेल ने कहा, ‘‘अपनी विरासत पर गर्व करने से ‘विकसित भारत’ के निर्माण का मार्ग और मजबूत हुआ है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में जनता के अटूट भरोसे, विकास में जनता की सक्रिय भागीदारी और लोगों की समृद्धि से प्रेरित है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम गुजरात की प्रगति को भारत के समग्र विकास से जोड़ने और ‘विकास एवं विरासत’ के संगम को एक विकसित गुजरात का आधार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री पटेल ने कहा, ‘‘गुजरात में सेमीकंडक्टर युग और एआई की गति के साथ-साथ प्राचीन आयुर्वेद की विरासत भी समाहित है।’’
इस मौके पर पटेल ने घोषणा की कि राज्य की ‘घर-थल’ योजना के तहत सरकार अब निजी जमीन खरीदकर गांवों में परिवारों को निशुल्क भूखंड देगी।
अब तक योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में बेघर परिवारों को मुफ्त या सस्ती रिहायशी जमीन दी जाती है।
भाषा शफीक माधव
माधव