Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

जम्मू कश्मीर में देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

श्रीनगर, 15 अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया और श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने की। उन्होंने श्रीनगर में बलिदान स्तंभ पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

अब्दुल्ला ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता परेड में भाग लेने वाली टुकड़ियों का निरीक्षण करते समय उन्हें औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

दर्शकों की तालियों के बीच एक हेलीकॉप्टर ने स्टेडियम पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा और श्रीनगर के नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायकों सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। वरिष्ठ नागरिक प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।

घाटी के सभी जिला मुख्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए।

कृषि मंत्री जावेद अहमद डार ने बारामूला में परेड की सलामी ली, वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने अनंतनाग में कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

अन्य जिलों में संबंधित उपायुक्तों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यहां बलिदान स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों के सम्मान में कुछ देर मौन रखा।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद थे।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल