जयपुर, 15 अगस्त (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में शनिवार को एक व्यक्ति ने अपनी सास के साथ विवाद के बाद कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना बांसवाड़ा के हाउसिंग बोर्ड इलाके में हुई। मृतका की पहचान ललिता के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतका की बेटी लक्ष्मी के अनुसार, उसके पति का उसकी मां के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और इसी के चलते उसने कथित रूप से उनकी हत्या कर दी। घटना के समय ललिता घर में अकेली थीं।
आरोप है कि आरोपी ने नल की फिटिंग में इस्तेमाल होने वाले पाने से उनके सिर पर वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटनास्थल से कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल किया गया पाना और आरोपी की मोटरसाइकिल की चाबी बरामद की गई है।
इस घटना की जानकारी मिलने पर लक्ष्मी बेहोश हो गईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत