नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) विपक्ष ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ वाली टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह असहमति को निशाना बनाने के लिए ऐसे विशेषणों का इस्तेमाल कर रहे हैं तथा यह उनकी हताशा का स्पष्ट संकेत भी है।
विपक्षी नेताओं ने महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने संबंधी प्रधानमंत्री की अपील पर भी सवाल उठाए और इसे ‘‘परिसीमन से’’ जोड़ने पर आपत्ति जताई।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले अपने विरोधियों को ‘शहरी नक्सल’ कहा और अब उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह उनकी हताशा का ‘‘स्पष्ट संकेत’’ है।
माकपा महासचिव एम ए बेबी ने कहा कि उनकी पार्टी नक्सलवाद का विरोध करती है, लेकिन सरकार पर माओवादियों से निपटने में कानून और संविधान का उल्लंघन करने के भी खिलाफ है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा ‘दिमागी नक्सल’ लोगों का जिक्र किए जाने को विपक्ष को निशाना बनाने की कोशिश बताया।
बेबी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘नक्सलवाद एक राजनीतिक दृष्टिकोण और विचारधारा है, जिससे हम सभी पूरी तरह असहमत हैं। हम माओवादियों या नक्सलियों के तौर-तरीकों का समर्थन नहीं करते। वे हथियार उठाते हैं और सामान्य लोकतांत्रिक राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा नहीं लेते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब उनका विमर्श यह है कि शहरी नक्सल हैं और अब वह ‘नक्सली मानसिकता वाले लोगों’ की बात कर रहे हैं... वे हमेशा विपक्ष के लोगों को राष्ट्र-विरोधी बताना चाहते हैं और उन्हें पाकिस्तान जाने के लिए कहते हैं। यह कहना कि उनके दिमाग में माओवादी विचार हैं, एक सुविधाजनक आरोप है। यह बेहद आपत्तिजनक आरोप है।’’
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सरकार पर मौजूदा सीटों पर ही महिलाओं को आरक्षण देने का दबाव बनाने की अपील की और कहा कि इसे परिसीमन से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
माकपा नेता डी राजा ने भी प्रधानमंत्री पर स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर असहमति जताने वालों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने ‘दिमागी नक्सल’ शब्द को सरकार से सवाल करने वालों को कलंकित करने का एक और प्रयास बताया।
भाकपा के राज्यसभा सदस्य पी संदोष कुमार ने कहा कि जब सभी दल महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन कर रहे हैं, तो सरकार के पास इसे लागू करने में देरी का कोई औचित्य नहीं है।
कुमार ने कहा, ‘‘सभी दल विधेयक का समर्थन कर रहे हैं, तो प्रधानमंत्री और उनके सहयोगियों को महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने से कौन रोक रहा है? जवाब बहुत सरल है। हमारा रुख स्पष्ट है कि 543 लोकसभा सीटों में से 181 सीट बिना किसी देरी के महिलाओं के लिए आरक्षित की जानी चाहिए।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ दिया है और कहा कि परिसीमन की प्रतीक्षा किए बिना इसे लागू किया जाना चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने भी मोदी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मंच का इस्तेमाल अपने आलोचकों को निशाना बनाने के लिए किया।
गोखले ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शर्म की बात है कि मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर का इस्तेमाल अपने विरोधियों को ‘दिमागी नक्सल’ कहकर सस्ता तंज कसने के लिए किया।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को लालकिले की प्राचीर से कहा कि जंगलों में ‘हथियारी नक्सल’ को खत्म करने में सफलता मिली है, लेकिन अब ‘दिमागी नक्सल’ से सावधान रहना होगा तथा उनकी पहचान कर उन्हें अलग-थलग करना होगा।
भाषा हक
पवनेश नेत्रपाल
नेत्रपाल