Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

अलवर में खाद्य तेल पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग, कोई हताहत नहीं

जयपुर, 15 अगस्त (भाषा) राजस्थान के अलवर शहर के पास औद्योगिक क्षेत्र में स्थित खाद्य तेल पैकेजिंग फैक्टरी में शनिवार को भीषण आग लग गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास स्थित कारखानों को खाली करा लिया।

पुलिस ने बताया कि आग मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कारखाने में लगी, जहां सरसों के तेल की पैकेजिंग की जाती थी। आग बुझाने के लिए दमकल के एक दर्जन से अधिक वाहनों को मौके पर लगाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, आग की लपटें काफी ऊंची थीं और धुएं के घने गुबार दूर से ही दिखाई दे रहे थे। आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के कारखानों में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।

राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्टरी में बड़ी मात्रा में सरसों के तेल का भंडारण मौजूद था। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत