ईटानगर, 15 अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में सेना के दो अस्थायी आश्रय बह जाने से पांच सैन्यकर्मी लापता हो गए तथा अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यहां स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, दोनों घटनाएं शुक्रवार शाम को हुईं।
उन्होंने बताया कि अपर सुबनसिरी जिले में केओजारिंग-बयाचिंग सड़क पर भूस्खलन हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि कई लोग मलबे में दब गए। घटना में ताडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली समेत चार लोगों के मारे जाने की सूचना है।
अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ में सेना के सात जवान बह गए, जिनमें से दो को बचा लिया गया, जबकि पांच अब भी लापता हैं।
भाषा रंजन सिम्मी
सिम्मी