Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

प्राकृतिक आपदा से हुई तबाही के बाद अरुणाचल का बेहतर तरीके से पुनर्निर्माण करेंगे: मुख्यमंत्री खांडू

ईटानगर, 15 अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को कहा कि हाल की बाढ़ और भूस्खलन से हुई भारी तबाही के बाद राज्य का बेहतर तरीके से पुनर्निर्माण किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने 2026 से 2029 के बीच सड़कों, ग्रामीण संपर्क और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 7,834 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की।

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ईटानगर के इंदिरा गांधी पार्क में तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल की प्राकृतिक आपदाओं ने राज्य में सुरक्षित और अधिक मजबूत बुनियादी ढांचे की आवश्यकता को फिर से रेखांकित किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा संकल्प अडिग है और दिशा स्पष्ट है। आने वाले वर्षों में अरुणाचल प्रदेश के हर समुदाय को सुरक्षित, मजबूत और आपदा-रोधी बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा।’’

मुख्यमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश, असम और नगालैंड में बाढ़ एवं भूस्खलन में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने संकट के दौरान स्थानीय समुदायों, जिला प्रशासन, सुरक्षा बलों, आपदा राहत टीमों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना की।

खांडू ने कहा कि शांति विकास की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सहयोग को राज्य के विकास में अहम बताया।

मुख्यमंत्री ने डिजिटल युग की चुनौतियों को लेकर लोगों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने या उसे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। उन्होंने कहा, “प्रौद्योगिकी हमें सशक्त बनाए, हमें नियंत्रित न करे।”

उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर एक मजबूत, शांतिपूर्ण और एकजुट अरुणाचल प्रदेश के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल