चंडीगढ़, 15 अगस्त (भाषा) पंजाब, हरियाणा और दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में शनिवार को ध्वजारोहण समारोहों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ में और हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने यमुनानगर में ध्वजारोहण किया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिरोजपुर में राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी में ध्वजारोहण किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोहों के मद्देनजर दोनों राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मान ने फिरोजपुर में राज्य स्तरीय समारोह में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में भगत सिंह समेत स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने पिछले साढ़े चार वर्ष में अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को डेढ़-डेढ़ हजार रुपये दिए जाते हैं।
मान ने कहा कि वित्तीय सहायता की इस योजना के तहत अब तक 74.59 लाख महिलाओं का पंजीकरण किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘65.62 लाख महिलाओं के खातों में 2,274 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है।’’ उन्होंने अन्य महिलाओं से भी इस योजना के लिए पंजीकरण कराने का आग्रह किया।
मान ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि चार लाख से अधिक श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब, माता नैना देवी, हरिद्वार और ऋषिकेश समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के 650वें ‘प्रकाश पर्व’ के उपलक्ष्य में सालभर आयोजित किए जाने वाले समारोहों के लिए 100 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
मान ने कहा कि पंजाब में 1,100 ‘आम आदमी क्लीनिक’ संचालित हैं और करीब 5.25 करोड़ मरीजों ने इन क्लीनिक में मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ उठाया।
पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में आए ‘‘बदलाव’’ का उल्लेख करते हुए मान ने कहा कि 2021 में प्राथमिक शिक्षा के मामले में पंजाब 27वें स्थान पर था, लेकिन आज केरल और अन्य राज्यों को पीछे छोड़कर पहले स्थान पर है।
सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2021 में सरकारी विद्यालियों के केवल 80 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण की थी, जबकि 2026 में यह संख्या करीब 11 गुना बढ़कर 882 हो गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘पूरी तरह पारदर्शी तरीके से’’ 69,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मान ने पंजाब में शांति और आपसी भाईचारे के खिलाफ काम करने वाली ताकतों को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य की उपजाऊ धरती पर कुछ भी उग सकता है, लेकिन नफरत के बीज यहां कभी नहीं पनप सकते।
समारोह में पंजाब के मुख्य सचिव के. ए. पी. सिन्हा और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव भी मौजूद थे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी में आयोजित समारोह में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर राज्य की समृद्ध संस्कृति और विरासत की झलक पेश की।
भाषा सिम्मी रंजन
रंजन