नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ संबंधी टिप्पणी को लेकर शनिवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि यह उनकी हताशा का स्पष्ट संकेत है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले अपने विरोधियों को ‘शहरी नक्सल’ कहा और अब उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह उनकी हताशा का ‘स्पष्ट संकेत’ है।
रमेश ने दावा किया कि जिन लोगों को प्रधानमंत्री ‘शहरी नक्सल’ या अब ‘दिमागी नक्सल’ बता रहे हैं, उनकी ओर से उठाई गई मांगों या विचारों को सरकार बाद में स्वीकार करती रही है।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि यह यूं ही नहीं है कि उन्हें ‘एंटायर पोलिटकल साइंस’ में एमए (मास्टर एब्यूजर) कहा जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को लाल किले की प्राचीर से कहा कि जंगलों में हथियारबंद नक्सलवाद को खत्म करने में सफलता मिली है, लेकिन अब ‘दिमागी नक्सल’ से सावधान रहना होगा तथा उनकी पहचान कर उन्हें अल-थलग करना होगा।
भाषा हक हक रंजन
रंजन