नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को बधाई देते हुए ‘विकसित भारत’ के निर्माण के प्रयास में शामिल होने का आह्वान किया।
संधू ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में देशभर के राजधानी से लेकर हर गांव और कस्बे तक के लोगों से ‘विकसित भारत 2047’ के मिशन को आगे बढ़ाते हुए एक मजबूत, अधिक समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए एक नए संकल्प के साथ एकजुट होने का आग्रह किया।
संधू ने कहा, ‘‘जैसा कि हमारा तिरंगा भारत के हर कोने में गर्व से लहरा रहा है, हम उन वीर शहीदों को अनंत कृतज्ञता के साथ नमन करते हैं जिनके सर्वोच्च बलिदान ने हमें हमारी आजादी दिलाई।’’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आप सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन दिवस हमें उस संघर्ष की याद दिलाता है, जिसने भारत को स्वतंत्रता दी, और उस संकल्प की भी, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिन वीरों ने अपने त्याग और बलिदान से हमें स्वतंत्र भारत सौंपा, आज उनके सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी हमारी पीढ़ी की है। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर अपने कर्तव्य को राष्ट्रसेवा और अपने प्रयास को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ें।’’
भाषा खारी रंजन
रंजन