नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को देशवासियों से बड़े सपने देखने और ऊंचे संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि कोई भी राष्ट्र अपने सपनों, संकल्पों और सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़कर महान बनता है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में मोदी ने कहा, ‘‘अब छोटे सपनों से चलने वाला नहीं है। अब बड़े सपने होने चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़े सपने सोच का विस्तार करते हैं और देश के संकल्प भी ऊंचे होने चाहिए।’’
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए महात्मा गांधी समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
उन्होंने कहा, “आज हर घर तिरंगा है, हर मन तिरंगा है और देश उत्साह और उमंग के साथ नए संकल्पों को लेकर आगे बढ़ रहा है।”
मोदी ने कहा कि लाल किले पर पहली बार ‘वंदे मातरम्’ गूंज रहा है और जब देश ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष मनाया जा रहा है, तब इससे बेहतर अवसर कुछ नहीं हो सकता।
प्रधानमंत्री ने देश के कुछ हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
भाषा हक हक रंजन
रंजन