मौमेरे (इंडोनेशिया), 15 अगस्त (एपी) इंडोनेशिया के तट पर शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का भूकंप आया जिससे कई इमारतें एवं मकान क्षतिग्रस्त हो गए तथा सुनामी की चेतावनी जारी की गई।
इस भूकंप के कारण किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है।
अमेरिका के भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था।
शुरुआती भूकंप के बाद भूकंप बाद के कई झटके महसूस किए गए।
इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और दक्षिण-पूर्व सुलावेसी प्रांतों के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की तथा लोगों से समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने का आग्रह किया।
भूंकप से प्रभावित तटीय इलाकों के निवासियों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। अधिकारी किसी भी बदलाव का पता लगाने के लिए तटीय ज्वारमापी उपकरणों पर करीबी नजर रख रहे हैं।
फ्लोरेस द्वीप के अधिकतर हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुरुआती खबरों के अनुसार मकानों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है लेकिन अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त इमारतों की अनुमानित संख्या या किसी के हताहत होने के बारे में अभी कोई जानकारी जारी नहीं की है।
पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में सिक्का रीजेंसी की निवासी योहाना एम्बु ने बताया कि तेज झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और लोग घबराकर बाहर की ओर भागे।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं... मैंने देखा कि मौमेरे में पेलनी बंदरगाह टर्मिनल का प्रतीक्षालय ढह गया।’’
करीब 17,000 द्वीपों वाला विशाल द्वीपसमूह इंडोनेशिया प्रशांत महासागर क्षेत्र में ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित होने के कारण भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील है। ‘रिंग ऑफ फायर’ प्रशांत महासागर के चारों ओर फैला हुआ एक ऐसा क्षेत्र है जहां दुनिया के सबसे ज्यादा सक्रिय ज्वालामुखी और भूकंप आते हैं।
दिसंबर 1992 में सात तीव्रता के भूकंप के कारण आई सुनामी में फ्लोरेस द्वीप पर करीब 2,500 लोगों की मौत हो गई थी।
एपी सिम्मी रंजन
रंजन