नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की ताकत के बल पर देश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नयी ऊंचाइयां छू रहा है।
मोदी ने उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि भी दी जिनके साहस, बलिदान और अटूट प्रतिबद्धता के कारण औपनिवेशिक शासन का अंत हुआ।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। हम उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को कृतज्ञतापूर्वक याद करते हैं जिनके साहस, बलिदान और अटूट प्रतिबद्धता के कारण औपनिवेशिक शासन का अंत हुआ।’’
उन्होंने कहा कि देशवासी ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए मिलकर काम कर रहे हैं और ऐसे में स्वतंत्रता सेनानियों के सपने सभी को प्रेरित करते रहेंगे।
मोदी ने कहा, ‘‘140 करोड़ भारतीयों की ताकत के बल पर हमारा देश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नयी ऊंचाइयां छू रहा है। आने वाले समय में यह यात्रा और भी तेज गति से आगे बढ़ती रहे।’’
उन्होंने ‘‘सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की असीम शुभकामनाएं’’ देते हुए कहा, ‘‘यह राष्ट्रीय पर्व हमें देश के वीर सेनानियों के अद्भुत साहस, अथक संघर्ष और मातृभूमि के प्रति अतुलनीय समर्पण का स्मरण कराता है।’’
देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।
भाषा
सिम्मी रंजन
रंजन