नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है जिसके तहत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी दिल्ली में 25,000 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि लाल किले के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित वीडियो विश्लेषण प्रणाली से जोड़ा गया है।
ऐतिहासिक लाल किले के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘राजधानी में पिछले वर्ष हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए हमने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।’’
उन्होंने बताया कि सुरक्षा योजना के तहत प्रवेश बिंदुओं और लाल किले के आसपास कई स्तर पर जांच एवं तलाशी की जाएगी। इसके अलावा किसी भी संभावित खतरे या आपात स्थिति से निपटने के लिए एक समर्पित आतंकवाद-रोधी त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली भी तैयार की गई है।
लाल किले और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों सहित शहर के रणनीतिक स्थलों पर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 25,000 से अधिक जवान तैनात हैं।
बांठिया ने कहा, ‘‘बेहतर समन्वय, पूर्वाभ्यास और सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, ताकि सभी एजेंसियां तैयार रहें और किसी भी आपात स्थिति में समन्वित तरीके से कार्रवाई की जा सके।’’
उन्होंने बताया कि लाल किले के अंदर और बाहर क्षेत्र पर कड़ी नजर रखने के लिए 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को कृत्रिम मेधा आधारित वीडियो विश्लेषण प्रणाली से जोड़ा गया है। एक समर्पित नियंत्रण कक्ष से इन कैमरों की सीधी तस्वीरों की निगरानी की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि निगरानी प्रणाली से सुरक्षाकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों, भीड़ से जुड़ी समस्याओं और कानून-व्यवस्था से संबंधित अन्य परिस्थितियों का वास्तविक समय में पता लगाने में मदद मिलेगी। इससे त्वरित प्रतिक्रिया दल तत्काल कार्रवाई कर सकेंगे।
बांठिया ने कहा, ‘‘यदि कानून-व्यवस्था की कोई स्थिति उत्पन्न होती है तो हम तत्काल कार्रवाई करेंगे। प्रतिक्रिया दल तैयार हैं और उन्हें रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है।’’
सुरक्षाकर्मी लाल किले के आसपास लोगों और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है।
भाषा खारी रंजन
रंजन