Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

जेल में बंद जगतार हवारा ने वीडियो जारी कर कौमी इंसाफ मोर्चा के मार्च को शांतिपूर्ण तरीके से कराने की अपील की

चंडीगढ़, 14 अगस्त (भाषा) पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा का शुक्रवार शाम एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने सिख समुदाय से कौमी इंसाफ मोर्चा द्वारा निकाले जाने वाले मार्च को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की अपील की है।

कौमी इंसाफ मोर्चा ‘बंदी सिंहों’ (सिख कैदियों) की रिहाई की मांग कर रहा है। मोर्चे का दावा है कि कई सिख कैदी अपनी सजा पूरी करने के बावजूद अलग-अलग जेलों में बंद हैं।

मोर्चा ने मोहाली के वाईपीएस चौक से पंजाब के राज्यपाल आवास तक मार्च निकालने की योजना बनाई है।

कथित वीडियो में हवारा ने सिख समुदाय के लोगों से अपील की कि वे मार्च में बाधा डालने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों से सतर्क रहें।

दिल्ली की जेल में बंद हवारा ने वीडियो में कहा, ‘‘मैं विशेष रूप से सिख युवाओं से अपील करता हूं कि वे मोर्चे के स्वयंसेवक के रूप में काम करें और यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो।’’

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दिल्ली की उच्च सुरक्षा वाली तिहाड़ जेल में बंद कैदी ने जेल के अंदर से वीडियो कैसे रिकॉर्ड किया और उसे कैसे जारी किया।

प्रदर्शनकारी वर्ष 2015 में फरीदकोट में हुई बेअदबी और पुलिस गोलीबारी की घटनाओं में न्याय की भी मांग कर रहे हैं। कौमी इंसाफ मोर्चा 7 जनवरी, 2023 से चंडीगढ़ के सेक्टर-52 और सेक्टर-53 तथा मोहाली के वाईपीएस चौक पर धरना दे रहा है।

भाषा शोभना संतोष

संतोष