चेन्नई, 25 जून (भाषा) तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहने के बीच राज्य के 10 से अधिक जिलों में 28 जून से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, रविवार से नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुपुर, थेनी, डिंडीगुल, थेनकासी, विरुधुनगर, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, तिरुवल्लूर, रानीपेट, वेल्लोर, कांचीपुरम और तिरुवन्नामलाई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समुद्र में न जाएं, क्योंकि इस दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ अशांत मौसम बने रहने की आशंका है।
मौसम विभाग ने कराईकल और नगापट्टिनम इलाकों के लिए समुद्री लहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में, सेलम के थम्मामपट्टी में राज्य में सबसे अधिक चार सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि इसके बाद पेरम्बलूर के वेप्पंथट्टई में तीन सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने चेन्नई और इसके आसपास के इलाकों के लिए 25 मई से शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।
भाषा खारी रंजन
रंजन