Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

बिहार के जहानाबाद में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में 10 वर्षीय बालक की मौत

जहानाबाद, 25 जून (भाषा) बिहार के जहानाबाद जिले में एक तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में 10 वर्षीय बालक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान रोशन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार शाम घोसी थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव में कृष्णा यादव के पुत्र के तिलक समारोह के दौरान हुई।

घोसी थाना के प्रभारी शैलेश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, 'मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर दूल्हे के भाई समेत चार-पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।'

स्थानीय लोगों के अनुसार, तिलक समारोह में नृत्य कार्यक्रम चल रहा था, तभी दूल्हे का भाई मंच पर चढ़ गया और जश्न मनाने के लिए हर्ष फायरिंग करने लगा। रोशन कुमार भी कार्यक्रम देखने वालों में शामिल था।

स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि दूल्हे का भाई पिस्तौल लेकर आया था, उसने पहले पिस्तौल से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने पिस्तौल नीचे कर उसे दोबारा लोड करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे रोशन कुमार के सिर में जा लगी।

पुलिस के अनुसार घायल रोशन कुमार को तत्काल निकटतम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाषा सं. कैलाश वैभव

वैभव