नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) द्वारा इस सप्ताह के आखिर तक शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रवेश पोर्टल खोलने की संभावना है और नया सत्र 21 जुलाई से शुरू करने का लक्ष्य रख गया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक (सीयूईटी-यूजी) 2026 के नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए थे।
सीयूईटी-यूजी दिल्ली विश्वविद्यालय समेत ज्यादातर केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक कार्यक्रम में प्रवेश की परीक्षा है।
डीयू के रजिस्ट्रार विकास गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विश्वविद्यालय ‘सामान्य सीट आवंटन प्रणाली’ (सीएसएएस) पोर्टल खोलने की तैयारी के आखिरी चरण में है।
गुप्ता ने कहा, ‘‘हम शैक्षणिक सत्र की शुरुआत संभावित रूप से 21 जुलाई को करना चाहते हैं। हम बस पोर्टल और जरूरी जानकारी की आखिरी बार पड़ताल कर रहे हैं। पोर्टल के इसी सप्ताह खुलने की उम्मीद है।’’
दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश कार्यक्रम के तहत, 70 से ज्यादा कॉलेजों में लगभग 79 स्नातक पाठ्यक्रमों की 71,000 से अधिक सीटों के लिए हर साल लाखों उम्मीदवार आवेदन करते हैं।
सीएसएएस पोर्टल खुलने के बाद, उम्मीदवारों को सबसे पहले अपना पंजीकरण करना होगा। इसके बाद, छात्र अपने पाठ्यक्रम और कॉलेज की प्राथमिकताएं भर सकेंगे।
सीयूईटी स्कोर और उम्मीदवारों की पसंद के आधार पर, विश्वविद्यालय कई चरण में सीट आवंटन की घोषणा करेगा। हर चरण के बाद, जो उम्मीदवार आवंटित की गई सीट स्वीकार करते हैं, वे या तो अपना प्रवेश ‘‘फ्रीज’’ कर सकते हैं या ‘‘अपग्रेड’’ का विकल्प चुन सकते हैं, जिसके तहत अगले चरण में ज्यादा प्राथमिकता वाली सीटों के लिए उनके नाम पर विचार किया जाता है।
पिछले कुछ वर्षों में, सीयूईटी प्रवेश प्रक्रिया में देरी की वजह से शिक्षक समुदाय के एक वर्ग ने इसकी आलोचना की है। उनका तर्क है कि सीयूईटी पर निर्भरता के कारण शैक्षणिक कैलेंडर प्रभावित हुआ है।
साल 2025 में डीयू में एक अगस्त से तय समय पर कक्षाएं शुरू हुईं, लेकिन प्रवेश और ‘मॉप-अप राउंड’ सितंबर के आखिर तक चलते रहे। इस वजह से कई छात्र पढ़ाई शुरू होने के हफ़्तों बाद पाठ्यक्रम में शामिल हुए।
वर्ष 2024 में भी कुछ ऐसा ही हाल था, जब सीयूईटी-यूजी के नतीजे आने में देरी की वजह से शैक्षणिक सत्र 29 अगस्त को शुरू हुआ। उस साल ‘मॉप-अप राउंड’ अक्टूबर तक चले।
भाषा शफीक माधव
माधव