Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

गुजरात : मुहर्रम से पहले डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

गांधीनगर, 24 जून (भाषा) गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जीएस मलिक ने मुहर्रम से पहले राज्य में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, मलिक ने मंगलवार को गांधीनगर स्थित पुलिस भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये एक बैठक की, जिसमें सभी शहरों के पुलिस आयुक्त और क्षेत्र प्रमुख शामिल हुए।

बैठक में डीजीपी ने कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए।

बयान में कहा गया है कि सांप्रदायिक सद्भाव और शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर शांति समितियों, मोहल्ला समितियों, धार्मिक नेताओं और समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठकें करने का आग्रह किया गया।

इसमें कहा गया है कि शुक्रवार को मुहर्रम के दौरान पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में राज्य रिजर्व पुलिस बल की कंपनियां और प्लाटून तैनात की गई हैं।

बयान के अनुसार, सभी पुलिसकर्मियों को तैनाती से पहले इलाके की संवेदनशीलता के बारे में जानने और आपातकालीन प्रोटोकॉल को अंतिम रूप देने का आदेश दिया गया।

इसमें कहा गया है कि पुलिस ने संवेदनशील जगहों की पहचान की और ताजिया जुलूस से पहले कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया।

बयान में कहा गया है, “पुलिस ताजिया जुलूस को लेकर राज्य भर में चिन्हित 919 संवेदनशील जगहों पर प्रौद्योगिकी की मदद से सतर्क रहेगी। जिन इलाकों में पिछले पांच वर्षों में मुहर्रम के दौरान छोटी-बड़ी घटनाएं हुई हैं, वहां जोखिम का आकलन करने का निर्देश दिया गया है।”

इसमें कहा गया है कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए 8 से 10 पुलिसकर्मियों की टीम बनाकर संवेदनशील इलाकों में सघन पैदल गश्त करने के आदेश दिए गए हैं।

भाषा पारुल नरेश

नरेश