Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 405 करोड़ रुपये की स्वर्ण खनन परियोजना शुरू, नायडू ने किया उद्घाटन

कुरनूल (आंध्र प्रदेश), 24 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कुरनूल जिले के जोन्नागिरी में 405 करोड़ रुपये की स्वर्ण खनन एवं प्रसंस्करण परियोजना का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राज्य में वाणिज्यिक स्तर पर सोने के उत्पादन की शुरुआत हुई है।

मुख्यमंत्री ने परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखी, जिसे जियो मैसूर सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और डेक्कन गोल्ड माइंस लिमिटेड द्वारा विकसित किया जा रहा है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘ यह परियोजना खनन क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के लिए एक नया अध्याय खोलती है और औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देने की उम्मीद है।’’

सरकार ने इस परियोजना के लिए 1,500 एकड़ भूमि आवंटित की है, जिसमें से पहले चरण में 600 एकड़ में खनन गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। शेष क्षेत्र में विस्तार आगामी चरणों में किया जाएगा।

परियोजना के अनुमानों के अनुसार, संचालन के पहले वर्ष में 400 किलोग्राम तक सोने का उत्पादन होने की उम्मीद है। दूसरे वर्ष से यह बढ़कर 900 किलोग्राम प्रतिवर्ष हो जाएगा। भविष्य में उत्पादन को दो टन प्रति वर्ष तक बढ़ाने की योजना है।

इस परियोजना से लगभग 700 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

राज्य सरकार को खदान से उत्पादित सोने के मूल्य का चार प्रतिशत रॉयल्टी राजस्व के रूप में प्राप्त होगा।

वर्तमान अनुमानों के आधार पर, आंध्र प्रदेश को 400 किलोग्राम सोने के उत्पादन पर लगभग 57 करोड़ रुपये और वार्षिक उत्पादन 900 किलोग्राम होने पर लगभग 144 करोड़ रुपये की रॉयल्टी प्राप्त हो सकती है।

यह परियोजना देश के निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी सोना खनन परियोजना बताई जा रही है। इससे आंध्र प्रदेश को देश के सोना खनन क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। अभी तक भारत में सोना खनन मुख्य रूप से कर्नाटक के कोलार गोल्ड क्षेत्र से जुड़ा रहा है।

भाषा निहारिका अजय

अजय