Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

एशियाई खेलों का क्वालीफाइंग समय हासिल करने में नाकाम रहे राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर

भुवनेश्वर, 24 जून (भाषा) मौजूदा एशियाई चैंपियन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर सिंह बुधवार को यहां राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग समय को हासिल करने में नाकाम रहे।

उत्तर प्रदेश के इस 26 वर्षीय एथलीट ने 2022 में एशियाई खेलों में 10,000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने यहां 13 मिनट, 52.92 सेकंड (13:52.92) का समय निकालकर दौड़ जीती। लेकिन उनका समय भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा एशियाई खेलों के लिए निर्धारित किए गए क्वालीफाइंग समय 13 मिनट और 39.18 सेकंड से काफी अधिक था।

गुलवीर ने पिछले महीने अमेरिका के लॉस एंजिलिस में 13:03.93 के साथ आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने फरवरी 2025 में 5000 मीटर की दौड़ 13 मिनट से कम समय में पूरी की थी। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय एथलीट थे। उन्होंने तब 12 मिनट 59.77 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय और एशियाई इंडोर दोनों रिकॉर्ड बनाए थे।

गुलवीर को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 32 सदस्यीय भारतीय टीम में 5000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं के लिए चुना गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मौसम थोड़ा गर्म है। इसके साथ ही यह नया ट्रैक था, जिसमें ग्रिप कम और उछाल ज्यादा है। मैंने इस तरह के ट्रैक पर दौड़ने के लिए अभ्यास नहीं किया था।’’

गुलवीर अब शनिवार को 1500 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे।

पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के ही अभिषेक पाल ने 13:54.18 के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि पंजाब के हरमनजोत सिंह 13:54.60 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

भाषा

पंत मोना

मोना