Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

पश्चिम बंगाल के नादिया में छात्रा की मौत के मामले में दो और गिरफ्तार, कुल संख्या 13 हुई

(शीर्षक एवं पहले पैरा में सुधार के साथ)

कोलकाता, 24 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक छात्रा की हत्या के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसके बाद इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का विधानसभा में आश्वासन दिए जाने के 24 घंटे से भी कम समय में ये गिरफ्तारियां हुईं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि साबिर शेख और जियारुल शेख नाम के दो लोगों को मंगलवार देर रात एक अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया और उन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

नादिया जिले के कालीगंज की रहने वाली 13 वर्षीय छात्रा तमन्ना खातून की पिछले साल 23 जून को कालीगंज विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने के बाद तृणमूल कांग्रेस के विजय जुलूस के दौरान फेंके गए बम की चपेट में आने से मौत हो गई थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल सभी लोगों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम घटना के बाद से लगातार छापेमारी कर रहे हैं। मंगलवार रात एक अभियान के दौरान दो फरार आरोपियों को पकड़ लिया गया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 13 हो गई है।’’

पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जांच आगे बढ़ रही है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।’’

पुलिस ने पहले दावा किया था कि इलाके में दो समूहों के बीच झड़प के दौरान फेंके गए बम के छर्रे लगने से छात्रा की मौत हुई होगी।

शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में इस मामले का उल्लेख करते हुए कहा था कि उनकी सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है और तमन्ना के परिवार को न्याय मिलेगा।

तमन्ना की मां सबीना यास्मीन ने मंगलवार शाम विधानसभा में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने हमारी बात धैर्यपूर्वक सुनी और हमें आश्वासन दिया कि न्याय मिलेगा। इसके तुरंत बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुझे बहुत खुशी है कि मेरी बेटी को न्याय मिलने की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ रही है।’’

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा

सिम्मी

सिम्मी