Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

जम्मू में 10 मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन जब्त

जम्मू, 24 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के जम्मू, उधमपुर, कठुआ और डोडा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंजाब के एक निवासी समेत 10 कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में हेरोइन जब्त की है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि यहां गांधीनगर पुलिस ने पंजाब आधारित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए अमृतसर निवासी गगनदीप सिंह और जम्मू के उसके दो सहयोगियों दमनजोत सिंह और विवेक कुमार को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि इन तीनों कथित शातिर मादक पदार्थ तस्करों के कब्जे से 780 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने मीरन साहिब क्षेत्र में साहिल सिंह और कुलदीप कुमार नामक दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 ग्राम हेरोइन बरामद की, जबकि जम्मू के बाहरी इलाके बिश्नाह क्षेत्र में मोहम्मद शरीफ को 13 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया।

उन्होंने कहा कि उधमपुर जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फलाटा और टिकरी में तलाशी के दौरान क्रमशः 19.47 ग्राम और 18.61 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद श्रीनगर निवासी परवेज अहमद और शकील अहमद को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि एक अन्य सफल अभियान में कठुआ जिले के मरहीन क्षेत्र से फरार कथित मादक पदार्थ तस्कर फरमान अली को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

प्रवक्ता ने बताया कि फरमान अली अपने भाई गुलजार अहमद द्वारा संचालित पंजाब आधारित तस्करी नेटवर्क के भंडाफोड़ होने के बाद गिरफ्तार किया गया चौथा तस्कर है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गुलजार अहमद की निशानदेही पर एक स्कूल परिसर में छिपाकर रखी 369 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।

उन्होंने बताया कि डोडा जिले के चिनार मोड़ क्षेत्र में तलाशी के दौरान निंपाल कुमार के कब्जे से 85 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा। अमित मनीषा

मनीषा