Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना, वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) दिल्ली में बुधवार सुबह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने शहर के कुछ अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश, गरज और बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया है।

सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। पालम में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है, जबकि लोधी रोड में यह 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम दर्ज किया गया।

रिज क्षेत्र के मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम रहा, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।

मंगलवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सफदरजंग में 8.4 मिलीमीटर (मिमी), लोधी रोड में 4.6 मिमी, रिज क्षेत्र में 3.5 मिमी, आयानगर में 2.6 मिमी और पालम में 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिन में दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने की संभावना है तथा कुछ अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बारिश होने और बिजली चमकने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 142 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव