Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन को पद्म भूषण : झामुमो, भाजपा ने झारखंड और देश के लिए गर्व का क्षण बताया

(तस्वीरों के साथ)

रांची, 23 जून (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सत्तारूढ़ झामुमो और विपक्षी दल भाजपा ने 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन को पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने का स्वागत किया तथा इसे राज्य और देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन को मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया। दिवंगत नेता की ओर से उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने यह सम्मान ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सम्मान को अपने पिता के जीवन भर के संघर्ष और जनसेवा की मान्यता बताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके बलिदानों, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और उनके नेतृत्व में जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अस्मिता तथा वंचितों के अधिकारों के लिए किए गए आंदोलनों का सम्मान है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय और झारखंड के अधिकारों की लड़ाई में दिशोम गुरुजी का नेतृत्व ऐतिहासिक, अद्वितीय और अविस्मरणीय रहा है।”

सोरेन ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता ने अपना जीवन आदिवासियों, वंचितों और श्रमिक वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया।

झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडे ने एक बयान में कहा, ‘‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण से सम्मानित करना झारखंड के लोगों, आदिवासी समुदाय और अलग राज्य (झारखंड) के गठन के लिए आंदोलन से जुड़े लाखों लोगों के संघर्ष का सम्मान है।’’

झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष और झामुमो के वरिष्ठ नेता रवींद्र नाथ महतो ने कहा, ‘‘यह सम्मान गुरुजी के त्याग और समर्पण को ऐतिहासिक मान्यता है। यह झारखंड के लिए बहुत गर्व का क्षण है। गुरुजी का जीवन सादगी, संघर्ष और प्रेरणा का एक शानदार उदाहरण है।’’

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि झारखंड के कद्दावर नेता 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन ने हमेशा सभी को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने और खेती-बाड़ी करने के लिए प्रेरित किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, ‘‘झारखंड आंदोलन के अगुआ, आदिवासी समाज की आवाज, जन-नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को (पद्म भूषण से) सम्मानित करना झारखंड के सभी लोगों के लिए बड़े गर्व और सम्मान की बात है।’’

पिछले साल अगस्त में सोरेन के निधन के साथ ही राज्य की राजनीति में एक युग का अंत हो गया। वह 81 वर्ष के थे।

भाषा सुमित पारुल

पारुल