Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

रास लाफान विस्फोट में 12 भारतीयों की मौत के बाद कतर के अमीर ने मोदी को फोन किया, संवेदना जताई

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन करके रास लाफान औद्योगिक शहर में हुई एक दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर शोक जताया।

कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में स्थित एक एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) सुविधा में रविवार रात हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले 13 लोगों में 12 भारतीय शामिल थे।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं फोन करने और कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में हुई दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर संवेदना व्यक्त करने के लिए कतर के अमीर का आभार जताता हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह और कतर के अमीर मृतकों के परिजन के दुख में उनके साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

मोदी ने कहा, “भारत और कतर अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और एक-दूसरे के साथ एकजुटता से खड़े हैं।”

रास लाफान औद्योगिक शहर में स्थित बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति सुविधा में हुए विस्फोट में 66 लोग घायल भी हुए, जिनमें कई भारतीय शामिल हैं। सुविधा का संचालन कतरएनर्जी एलएनजी करती है।

भारतीय मिशन ने कतर के अधिकारियों के हवाले से कहा कि सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और उनका उचित उपचार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, थानी और मोदी ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की।

बयान के मुताबिक, मोदी ने शांति प्रयासों में कतर के सकारात्मक योगदान की सराहना की और आशा जताई कि ये प्रयास क्षेत्र में स्थायी शांति व स्थिरता का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई और आपस में लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।

इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए कतर के अमीर का धन्यवाद किया और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनकी सराहना की।

भाषा जोहेब पारुल

पारुल