Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

लखनऊ आग हादसा : उत्तर प्रदेश में शुरू हुआ कोचिंग संस्थानों की जांच का महा अभियान

लखनऊ, 23 जून (भाषा) लखनऊ में एक इमारत में आग लगने से झुलसकर 15 लोगों की मौत की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की जांच के लिए महाअभियान शुरू किया गया।

इस दौरान पूरे राज्य में प्रशासन, विकास प्राधिकरणों और अग्निशमन सेवाओं की संयुक्त टीमों ने निरीक्षण अभियान चलाकर 100 से अधिक संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की।

राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार अधिकारियों ने संयुक्त टीम बनाकर कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी का निरीक्षण किया।

बयान के अनुसार लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, आगरा समेत विभिन्न शहरों के अलावा दूसरे शहरों में भी यह कार्रवाई की गई और इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर 100 से अधिक कोचिंग संस्थाओं के खिलाफ कदम उठाए गए।

बयान के मुताबिक जांच अभियान के दौरान गैर पंजीकृत कोचिंग संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

बयान के अनुसार टीमों ने विशेष तौर पर अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास, भवन की संरचना तथा अन्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की।

प्रयागराज के मुख्य अग्नि शमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि नगर में 97 पंजीकृत संस्थानों में केवल 15 कोचिंग संस्थानों ने ही अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र लिया है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने सिविल लाइंस में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग को सील कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक कानपुर विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते और अग्निशमन अधिकारियों ने कोचिंग संस्थानों में मानकों के अनुपालन की जांच का काम सोमवार शाम से ही शुरू कर दिया था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम तक कानपुर के सबसे बड़े शैक्षणिक केंद्र काकादेव में 30 से अधिक संस्थानों को नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित किये जाने के आरोप में सील कर दिया गया।

बयान के अनुसार वाराणसी विकास प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार से ही कोचिंग संस्थानों और पुस्तकालयों की जांच शुरू कर दी थी और इस दौरान कई संस्थानों को सील किया गया।

मऊ जिले में मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मॉल, होटल, रेस्टोरेंट और कोचिंग संस्थानों में आग से बचाव की व्यवस्थाओं की व्यापक जांच की।

इसके अलावा मेरठ, मिर्जापुर, जौनपुर झांसी, सहारनपुर, बाराबंकी, अमेठी, सीतापुर, रायबरेली और बलिया समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी अधिकारियों ने अभियान चलाकर कोचिंग संस्थानों समेत विभिन्न केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन के उपायों को परखा।

भाषा आनन्द सलीम राजेंद्र जोहेब

जोहेब