Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

पाकिस्तान में दरगाह में भगदड़ में 80 लोग घायल

(एम. जुल्करनैन)

लाहौर, 23 जून (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक दरगाह पर गेट पार करने की कोशिश में मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 80 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना पिछले रविवार को लाहौर से लगभग 200 किलोमीटर दूर पाकपट्टन शहर में हजरत बाबा फरीद गंज शकर के 784वें उर्स के दौरान हुई।

पुलिस अधिकारी जावेद चाधर ने पत्रकारों को बताया, 'घायल हुए 80 लोगों में से 30 को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।'

उन्होंने कहा कि दरगाह के आसपास सुरक्षा के लिए 1,600 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

पाकपट्टन में हजरत बाबा फरीद गंज शकर की दरगाह पर 'बहिश्ती दरवाजा' उनके उर्स के दौरान पांच दिनों के लिए खोला जाता है।

चश्मदीदों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बहिश्ती दरवाजे तक पहुंचने के लिए बेताब हजारों श्रद्धालु दरगाह में घुस गए, जब अधिकारियों के वाहनों के काफिले को गुज़रने देने के लिए इसका मुख्य दरवाज़ा खोला गया।

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया लेकिन नाकाम रही। अधिकारी ने कहा, 'भगदड़ में कम से कम 80 लोग घायल हो गए।'

पंजाब आपातकालीन सेवा 1122 के अनुसार, भारी भीड़ के कारण एम्बुलेंस उस इलाके तक नहीं पहुंच पाईं, जिससे बचाव कर्मियों को कई घायलों को मोटरसाइकिलों पर ले जाना पड़ा।

इसमें कहा गया है, 'गर्मी, दम घुटने और अत्यधिक भीड़ के कारण लगभग दो दर्जन श्रद्धालु बेहोश भी हो गए।'

पुलिस ने कहा कि उन्होंने सभी कमियों को दूर कर लिया है और वह यह सुनिश्चित करेगी कि शुक्रवार को कार्यक्रम के समापन तक श्रद्धालुओं को बहिश्ती दरवाजे तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।

भाषा अमित माधव

माधव