Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

सातवें दौर में 10 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक की नीलामी

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) केंद्र सरकार ने मंगलवार को नीलामी के सातवें दौर में 10 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक बेचे। इसके साथ कुल मिलाकर 56 खदानें नीलाम हो चुकी हैं।

यह 63 प्रतिशत से अधिक की सफलता दर है। केंद्र ने नीलामी के लिए कुल 88 अलग-अलग खनिज ब्लॉक रखे थे, जिनमें से 56 बिके हैं।

सातवें दौर की नीलामी से देश में महत्वपूर्ण खनिज की खोज के दायरे का काफी विस्तार हुआ। केंद्र ने पहली बार गुजरात, उत्तराखंड और तेलंगाना में महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक की नीलामी की।

इस दौर में ग्रेफाइट, दुर्लभ खनिज तत्व, वैनेडियम, टाइटेनियम, ग्लौकोनाइट, रॉक फॉस्फेट और उनसे जुड़े मिनरल शामिल थे। इससे देश में महत्वपूर्ण खनिज की खोज का भौगोलिक दायरा और बढ़ गया।

खान मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘इसके साथ सफलतापूर्वक नीलाम किए गए महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक की कुल संख्या 56 हो गई है। यह घरेलू खनिज आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और देश के महत्वपूर्ण खनिज मिशन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।’’

नीलामी का सातवां दौर 23 मार्च को निविदा के लिए नोटिस जारी कर शुरू किया गया था। इसमें महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज वाले 19 ब्लॉक पेश किए गए थे।

यह नीलामी खान एवं खनिज (विकास एवं नियमन) अधिनियम, 1957 और खनिज (नीलामी) नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत की गई।

महत्वपूर्ण खनिज की नीलामी के साथ मंत्रालय ने खोज लाइसेंस की नीलामी का दूसरा दौर भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इससे देश का खोज परिवेश और मजबूत हुआ।

दूसरे दौर में केंद्र सरकार ने पहली बार अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा तक खोज लाइसेंस रूपरेखा का विस्तार किया। इससे महत्वपूर्ण और जमीन की गहराई में मौजूद खनिज की खोज के नए अवसर खुले।

भाषा रमण अजय

अजय