हैदराबाद, 23 जून (भाषा) कांग्रेस, वाम दलों और तेलंगाना जन समिति (टीजेएस) ने निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण के लिए कराए जाने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ मंगलवार को यहां रैली निकाली।
इन दलों ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के माध्यम से कथित रूप से 'अलोकतांत्रिक और वोट-चोरी' की गतिविधियां चलाने का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं। यह रैली टैंक बंड पर स्थित बी.आर. आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू हुई और बी.आर.के. भवन पर समाप्त हुई।
नगरकुरनूल से कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने केंद्र की भाजपा सरकार पर ‘एसआईआर’ की आड़ में नागरिकों को वोट देने के उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट देने के अधिकार को कमजोर करने वाले किसी भी कदम का पुरजोर विरोध करेगी, क्योंकि यह अधिकार देश के लोकतंत्र की नींव है।
रवि ने दावा किया कि भाजपा सरकार राजनीतिक लाभ के लिए निर्वाचन प्रणाली का इस्तेमाल करके लोगों के जीने के अधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल रही है।
इसके बाद, प्रदर्शनकारियों ने तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत बंद करने और लोगों के मत देने के अधिकार की पूरी सुरक्षा की मांग की गई।
रैली में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)के विधायक कुनामनेनी संबाशिव राव और विधान परिषद सदस्य एम कोदंडराम भी शामिल हुए।
निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत तेलंगाना में मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया के तहत 25 जून से 25 जुलाई तक गणनाकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को त्रुटि से मुक्त करना और यह सुनिश्चित करना है कि पात्र नागरिकों के ही नाम मतदाता सूची में हों।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप