Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

भवानी देवी ने माफी मांगी, निलंबन पर फिर से विचार करने की अपील

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) एशियाई तलवारबाजी चैंपियनशिप में टीम स्पर्धा के दौरान अपने व्यवहार के लिए बिना शर्त माफी मांगते हुए भारत की प्रमुख तलवारबाज भवानी देवी ने उन पर लगाए गए दो महीने के निलंबन पर फिर से विचार करने की अपील की है।

इस घटना के बाद भवानी को ‘काला कार्ड’ दिखाया गया था जिसके कारण अनुशासनात्मक नियमों के तहत उन्हें दो महीने के लिए निलंबित कर दिया गया।

भारतीय तलवारबाजी संघ (एफएआई) ने मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मामले की गंभीरता को समझते हुए भवानी देवी ने बिना शर्त माफी मांगी है और खेल के नियमों, अधिकारियों और मूल्यों के प्रति अपना गहरा सम्मान व्यक्त किया है।’’

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘निलंबन पर फिर से विचार करने और उसे कम करने या हटाने के लिए विश्व संस्था (एफआईई) को अनुरोध भेजा गया है।’’

अपील में भवानी के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान बेहतरीन अनुशासनात्मक रिकॉर्ड का हवाला दिया गया है और बताया गया है कि वह पहले कभी भी इस तरह की किसी घटना में शामिल नहीं रही हैं।

एफएआई ने यह भी बताया कि अगले महीने विश्व चैंपियनशिप होने वाली है और लंबे समय तक निलंबित रहने से भारत के सबसे सफल तलवारबाजों से एक भवानी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाएंगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘तलवारबाजी समुदाय को उम्मीद है कि मामले की समीक्षा करते समय एफआईई उनकी माफी, साफ-सुथरे अनुशासनात्मक इतिहास और खेल में उनके लंबे समय के योगदान पर विचार करेगा।’’

इसमें कहा गया, ‘‘अंतिम निर्णय एफआईई के अनुशासनात्मक अधिकारियों का होगा और सभी संबंधित पक्ष समीक्षा प्रक्रिया के परिणाम का सम्मान करेंगे।’’

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

आनन्द