Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

स्कॉटलैंड पर न्यूजीलैंड की जीत में चमकीं मेली और शार्प

ब्रिस्टल, 23 जून (भाषा) कप्तान मेली केर के फिरकी के जादू के बाद इजी शार्प के अर्धशतक से गत चैंपियन न्यूजीलैंड ने मंगलवार को यहां आईसीसी टी20 महिला विश्व कप के करो या मरो के ग्रुप दो मुकाबले में स्कॉटलैंड को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा।

श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ हार के बाद टूर्नामेंट से जल्द बाहर होने का खतरा झेल रहे न्यूजीलैंड ने 132 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 26 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे। शार्प (62 रन, 43 गेंद, आठ चौके, एक छक्का) ने हालांकि अर्धशतक जड़ने के अलावा ब्रूक हैलीडे (नाबाद 41, 38 गेंद, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी करके 18.2 ओवर में टीम का स्कोर चार विकेट पर 132 रन तक पहुंचाकर उसे जीत दिलाई।

इस जीत से न्यूजीलैंड की टीम चार मैच में दो जीत और दो हार से चार अंक के साथ अंक तालिका में इंग्लैंड (06 अंक) और वेस्टइंडीज (06) के बाद तीसरे स्थान पर है।

स्कॉटलैंड की ओर से कैथरीन ब्राइस (13 रन पर दो विकेट) और राशेल स्लेटर (22 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए।

स्कॉटलैंड ने इससे पहले युवा सलामी बल्लेबाज डार्सी कार्टर के नाबाद अर्धशतक से सात विकेट पर 131 रन बनाए।

डार्सी ने 52 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के से नाबाद 72 रन की पारी खेलने के अलावा साथी सलामी बल्लेबाज कैथरीन फ्रेजर (07) के साथ पहले विकेट के लिए 51 और सारा ब्राइस (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की।

न्यूजीलैंड की ओर से मेली सबसे सफल गेंदबाजी रहीं जिन्होंने अपनी लेग स्पिन से 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। सोफी डिवाइन ने भी 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद डार्सी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 51 रन जोड़े जिसमें फ्रेजर का योगदान सिर्फ सात रन का रहा।

लिया ताहुहु (19 रन पर एक विकेट) ने फ्रेजर को सूजी बेट्स के हाथों कैच कराके अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किया।

मेली ने इसके बाद विरोधी कप्तान कैथरीन ब्राइस (05) को आउट किया।

डार्सी और सारा ने पारी को संभाला। डिवाइन ने सारा को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 22 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके मारे।

डार्सी ने जेस केर पर एक रन के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

मेली ने 19वां ओवर मेडन डालने के अलावा प्रियानाज चटर्जी (12) और पिपा स्प्रोल (00) के विकेट भी चटकाए।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

सुधीर