Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

शिवसेना में शामिल हुए छह लोकसभा सदस्यों में से कुछ की विकास निधि जारी कर दी गई है: शिंदे

मुंबई, 23 जून (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी शिवसेना में शामिल हुए छह लोकसभा सदस्यों में से कुछ की विकास निधि जारी कर दी गई है।

उन्होंने दावा किया कि दल बदलने के बाद उनकी चिंताओं का समाधान किया गया है।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह लोकसभा सांसद सोमवार को शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गए थे। उनका कहना था कि विपक्ष में होने के कारण उन्हें अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के लिए विकास निधि नहीं मिल रही थी।

शिंदे ने कहा, 'मैंने पहले ही इनमें से कुछ लोकसभा सदस्यों की निधि जारी कर दी थी, क्योंकि शिवसेना में आने का उनका प्रमुख कारण यही था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महाराष्ट्र का समर्थन करते हैं और उन्होंने राज्य को बहुत अधिक निधि दी है। यही कारण है कि ये सांसद शिवसेना के साथ आए हैं।'

शिवसेना प्रमुख ने उन सांसदों के नामों का खुलासा नहीं किया जिनकी विकास निधि जारी की गई है।

वह दक्षिण मुंबई में स्थित विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बात कर रहे थे, जहां महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून सत्र जारी है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी छह सांसद शिवसेना में शामिल होकर 'खुश' हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी दिवंगत संस्थापक बाल ठाकरे की विचारधारा पर चलती है।

उन्होंने दावा किया कि लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष सभी निर्धारित प्रक्रियाएं और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई थीं, जिसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के बागी सांसद शिवसेना में शामिल हुए।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) छोड़कर शिवसेना में शामिल होने वाले लोकसभा सांसदों में संजय देशमुख (यवतमाल), संजय जाधव (परभणि), संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व), नागेश पाटिल-अष्टीकर (हिंगोली), ओमप्रकाश राजेनिंबालकर (धाराशिव) और भाऊसाहेब वाकचौरे (शिर्डी) शामिल हैं।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश