Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

भारत ने कश्मीर पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री की टिप्पणी को खारिज किया

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) भारत ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की टिप्पणियों को खारिज कर दिया और इसे इस्लामाबाद द्वारा अपनी “नाकामियों” को छिपाने की हताशा भरी कोशिशें बताया।

ख्वाजा ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने और जम्मू-कश्मीर के हालात को लेकर भारत की आलोचना की थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने इस मामले पर कुछ खबरें देखी हैं। ऐसी बातें पाकिस्तान की अपनी नाकामियों को छिपाने और मानवाधिकारों के उल्लंघन से ध्यान भटकाने की हताशा भरी कोशिशें हैं।”

उन्होंने कहा, “हम इन मनगढ़ंत दावों को पूरी तरह से और लानत मलामत के साथ पूरी तरह खारिज करते हैं।”

जायसवाल ने कहा, “पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले इलाकों में चल रहे विरोध-प्रदर्शन, पाकिस्तान की उस दशकों पुरानी नीति का सीधा नतीजा हैं जिसके तहत वहां के लोगों का आर्थिक शोषण किया जाता है, उन्हें बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा जाता है और प्रशासनिक दमन का शिकार बनाया जाता है।”

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सरकार ने विरोध-प्रदर्शनों का जवाब बहुत ज्यादा क्रूरता, जरूरी सामान और दवाओं की आपूर्ति रोकने, इंटरनेट बंद करने और निहत्थे नागरिकों के खिलाफ जानलेवा बल का इस्तेमाल करके दिया है।

उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके गलत कामों और ज्यादतियों के लिए जवाबदेह ठहराएगा।”

भाषा प्रशांत माधव

माधव