नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के तीसरे सत्र का आयोजन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक किया जाएगा। मंगलवार को इसकी घोषणा की गई।
नए सत्र से पहले खिलाड़ियों की नीलामी एक जुलाई को आयोजित होगी।
नीतिश राणा की कप्तानी वाली वेस्ट दिल्ली लायंस ने पिछले सत्र में पहली बार डीपीएल का खिताब अपने नाम किया था।
आगामी सत्र में भारतीय टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत, ईशांत शर्मा, नीतिश राणा, हर्षित राणा, नवदीप सैनी और प्रिंस यादव जैसे कई बड़े नाम खेलते नजर आएंगे।
महिला प्रतियोगिता में भी कई प्रमुख खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है। इनमें श्वेता सहरावत, प्रिया पुनिया, सोनी यादव और आयुषी सोनी प्रमुख हैं।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘दिल्ली प्रीमियर लीग हर साल पहले से बेहतर होती जा रही है। मैदान पर दिखने वाले क्रिकेट का स्तर दिल्ली में मौजूद प्रतिभा की गहराई को दर्शाता है। यह लीग बहुत कम समय में क्रिकेट कैलेंडर का अहम हिस्सा बन गई है और खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के बीच भी इसे लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।’’
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर