Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

बेंगलुरु में शराब को लेकर झगड़े में बेटी और नाती ने बुजुर्ग महिला को पीट-पीटकर मार डाला

बेंगलुरु, 23 जून (भाषा) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शराब पीने से रोकने पर 70 वर्षीय एक महिला की उसकी बेटी और उसके नाती ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मृतका की पहचान जयम्मा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु के केंगेरी स्थित एक अपार्टमेंट में हुई इस घटना के सिलसिले में भाग्यलक्ष्मी (49) और उसके बेटे कुशल (26) को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस का आरोप है कि 22 जून की सुबह जयम्मा ने मां-बेटे को शराब पीने से रोकने का प्रयास किया था। इसी बात से नाराज होकर दोनों ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट और डंडे से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो जयम्मा का शव फ्लैट के हॉल में स्नानघर के पास पड़ा मिला।

उसी अपार्टमेंट में रहने वाले धनंजय की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मां-बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और धारा 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता धनंजय ने आरोप लगाया है कि अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहने वाली भाग्यलक्ष्मी और उसका बेटा पिछले तीन-चार महीनों से लगातार शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। इससे अन्य निवासियों को काफी परेशानी हो रही थी। स्थिति को देखते हुए पड़ोसियों ने कुशल के पिता कृष्णा नाइक को बुलाया और सभी ने मिलकर उसे नशामुक्ति केंद्र भेजने की व्यवस्था की।

शिकायत में कहा गया है कि कुछ सप्ताह पहले कुशल नशामुक्ति केंद्र से लौटकर घर आया था। इसके बाद मां-बेटे ने कथित तौर पर फिर से शराब पीना और हंगामा करना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हाल में जयम्मा उनके साथ रहने आई थीं और पिछले तीन-चार दिनों से उनके फ्लैट से लगातार झगड़े का शेर सुनाई दे रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 जून की रात भी घर से झगड़े और शोर-शराबे की तेज आवाजें आ रही थीं तथा जयम्मा की चीखें भी सुनाई दी थीं।

पुलिस का कहना है कि अगले दिन जब जयम्मा ने शराब के सेवन को लेकर विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भाषा

खारी माधव

माधव