Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर दौरे में सुरक्षा चूक पर कार्यपालक पदाधिकारी निलंबित

बक्सर, 23 जून (भाषा) बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिछले महीने बक्सर दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कथित गंभीर लापरवाही और चूक के आरोप में बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कुमार ऋत्विक को निलंबित कर दिया है।

नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 22 जून 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

यह कार्रवाई 23 मई को मुख्यमंत्री के बक्सर दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कथित गंभीर लापरवाही तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के उल्लंघन के आरोप में की गई है।

अधिसूचना में कहा गया है कि मुख्यमंत्री 23 मई को बक्सर आए थे। उनके दौरे के दौरान उनका हेलीकॉप्टर किला मैदान में उतर नहीं सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता (एडीएम) की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई थी। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को जिम्मेदार ठहराया।

अधिसूचना के अनुसार, ‘‘कार्यपालक पदाधिकारी अपने आधिकारिक दायित्वों के निर्वहन में विफल रहे, उन्होंने लापरवाही बरती, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का उल्लंघन किया तथा मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक की।’’

जिला पदाधिकारी, बक्सर से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर विभाग ने माना कि कार्यपालक पदाधिकारी के विरुद्ध लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। उनका आचरण बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के नियम 3 (i), (ii) एवं (iii) का उल्लंघन पाया गया है।

अधिसूचना में कहा गया है कि सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 9(1) के तहत कुमार ऋत्विक को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।

भाषा कैलाश

मनीषा

मनीषा