मुंबई, 22 जून (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तीन अधिकारियों का तबादला कर दिया।
एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, 2002 बैच के आईएएस अधिकारी पी वेलरासु को मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) का अतिरिक्त महानगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वेलरासु को इससे पहले 16 जून को जारी एक आदेश में सचिव (वन) नियुक्त किया गया था।
महाराष्ट्र राज्य विद्युत पारेषण कंपनी लिमिटेड (एमएसईटीसीएल), मुंबई के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के रूप में कार्यरत 2003 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव कुमार का तबादला कर उन्हें मंत्रालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं, एमएमआरडीए, मुंबई के अतिरिक्त महानगर आयुक्त के रूप में कार्यरत 2004 बैच के आईएएस अधिकारी विक्रम कुमार को एमएसईटीसीएल, मुंबई का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नियुक्त किया गया है।
भाषा सुमित पारुल
पारुल