Breaking News

मुंबई: मुहर्रम पर जहरीला कैप्सूल मामले के आरोपी फैयाज को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची     |   दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल (eV) पॉलिसी 2026 लॉन्च, 1 जुलाई से होगी लागू     |   SIA ने श्रीनगर की TADA कोर्ट में सरला भट्ट मर्डर केस में चार्जशीट दाखिल की     |   खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की ओर से पबित्रा मार्गेरिटा और सैयद अता हसनैन जाएंगे     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: अनिल मिश्रा-गोपाल राव समेत 70-80 लोगों को नोटिस     |  

जम्मू क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में छह गिरफ्तार

जम्मू, 22 जून (भाषा) जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग अभियानों के दौरान मादक पदार्थों की कथित तस्करी करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से नशीले पदार्थ बरामद किए गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इसके अलावा क्षेत्र में बड़े भूभाग पर की जा रही गांजे की खेती को भी नष्ट कर दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, जम्मू शहर के बख्शी नगर क्षेत्र में दो कथित तस्करों शुभम सैनी और विकास मन्नी को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से दो-दो ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

प्रवक्ता ने बताया कि राजौरी जिले में सलानी क्षेत्र के पास मोहम्मद रफी और दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर उनके पास से क्रमशः 2.18 ग्राम और 2.72 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

प्रवक्ता के अनुसार, सांबा जिले के बड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में तलाशी के दौरान राही भगत नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र में चमन लाल को भी गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 74 ग्राम चरस बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

उसने बताया कि जम्मू जिले के बिश्नाह क्षेत्र के अमीर नगर और चक वजीरू तथा आरनिया क्षेत्र के तमाला मैदान में लगभग 20 कनाल भूमि पर फैली गांजे की खेती को नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इसी तरह डोडा जिले के प्रेमनगर और काहिला-फागसू क्षेत्रों में लगभग नौ कनाल भूमि पर उगे जंगली पौधों को भी उखाड़कर नष्ट कर दिया गया।

भाषा रवि कांत रवि कांत पारुल

पारुल