Breaking News

राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |   ईरान संग बातचीत के लिए दोहा की बैठक में अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर शामिल होंगे     |   UP: ‘सपा सरकार में मुरादाबाद उपद्रव के लिए जाना जाता था’, बोले CM योगी आदित्यनाथ     |   अल्मोड़ा: लमगड़ा में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौत, 2 लोग घायल     |   पश्चिम बंगाल: पुलिस ने कोलकाता नगर निगम के पूर्व पार्षद शम्स इकबाल को अरेस्ट किया     |  

विदेशी बाजारों में सुधार से अधिकांश तेल-तिलहन कीमतों में मजबूती

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी में औद्योगिक मांग बढ़ने के कारण सोमवार को सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल जैसे अधिकांश खाद्य तेल-तिलहनों के दाम मजबूत दिखे। दूसरी ओर कमजोर मांग रहने के बीच सरसों और मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।

मलेशिया और शिकॉगो एक्सचेंज में सुधार जारी है।

बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशी बाजारों में खाद्य तेलों के दाम मजबूत हुए हैं जिसकी वजह से यहां सोयाबीन तेल-तिलहन, पाम-पामोलीन तेल और औद्योगिक मांग के कारण बिनौला तेल के दाम मजबूत रहे। पर यह भी तथ्य है कि जितने दाम विदेशों में मजबूत हुए हैं, उतना असर स्थानीय दाम पर नहीं आया है। सामान्य तौर पर सभी खाद्य तेलों की ग्राहकी कमजोर बनी हुई है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 30 पैसे टूटकर 94.63 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इस गिरावट की वजह से भी खाद्य तेलों का आयात महंगा बैठने के कारण विशेषकर सोयाबीन और पाम-पामोलीन जैसे आयातित खाद्य तेलों के दाम मजबूत हुए हैं। दूसरी ओर नमकीन बनाने वाली कंपनियों की औद्योगिक मांग बढ़ने की वजह से बेहद कम मात्रा में उपलब्ध बिनौला तेल भी मजबूत हुआ है।

ऊंचे दाम पर लिवाली प्रभावित रहने के बीच सरसों तेल-तिलहन और गर्मी की मूंगफली की आवक के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।

तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन - 7,525-7,550 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली - 6,625-7,200 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 15,550 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल - 2,480-2,780 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 15,425 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 2,550-2,650 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 2,550-2,695 रुपये प्रति टिन।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,500 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,450 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,000 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 13,625 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,575 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 14,375 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना - 7,100-7,150 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 6,950-7,025 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय