Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

राजस्थान: उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 प्रश्नपत्र लीक मामले में एक और गिरफ्तार

जयपुर, 22 जून (भाषा) राजस्थान पुलिस के विशेष ऑपरेशंस समूह (एसओजी) ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 प्रश्नपत्र लीक मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मनीष दाधीच ने आरपीएससी (राजस्थान लोक सेवा आयोग) सदस्य बाबूलाल कटारा द्वारा कथित रूप से परीक्षा से पहले लीक किए गए प्रश्न पत्र हासिल किए और अनुचित लाभ उठाकर परीक्षा उत्तीर्ण की।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मनीष ने अपने भाई पुरुषोत्तम दाधीच और संदीप कुमार लाटा के जरिए लीक प्रश्नपत्र पेपर हासिल किया था और परीक्षा से पहले पढ़कर उसने लिखित परीक्षा दी। इसके परिणामस्वरूप मनीष ने हिंदी विषय में 200 में से 170.08 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 158.69 अंक प्राप्त किए थे। साक्षात्कार में न्यूनतम निर्धारित अंक नहीं मिलने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो सका।

उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम दाधीच को दो जून 2025 और संदीप कुमार लाटा को चार जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ 31 जुलाई 2025 को अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया था और दोनों फिलहाल जमानत पर हैं।

पुलिस ने बताया कि मनीष लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसे 19 जून 2026 को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 23 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 147 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी मनीष दाधीच (30) डीडवाना-कुचामन जिले के खुनखुना थाना क्षेत्र के सागू छोटी गांव का निवासी है।

भाषा बाकोलिया

धीरज

धीरज