Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

जेडपीएम ने आंतरिक मतभेद की अटकलों को खारिज किया

आइजोल, 22 जून (भाषा) जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के नेता और मुख्यमंत्री के सलाहकार टीबीसी लालवेनछुंगा ने सोमवार को सत्तारूढ़ दल के भीतर असंतोष के विपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने जोर दिया कि पार्टी सदस्यों के बीच विचारों में भिन्नता के बावजूद जेडपीएम सरकार पिछली सरकारों की तुलना में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

लालवेनछुंगा ने यहां पार्टी कार्यालय में एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक संगठन में अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्होंने उन दावों को खारिज कर दिया कि पार्टी आंतरिक फूट का सामना कर रही है।

उन्होंने कहा, 'अलग-अलग राय होना पूरी तरह से सामान्य है और यह मौजूद भी है, लेकिन जेडपीएम पार्टी के भीतर आंतरिक कलह का दावा करने वाले आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। भले ही हम पूर्ण रूप से आदर्श न हों, फिर भी हम पिछली सरकारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।'

आइजोल वेस्ट-1 निर्वाचन क्षेत्र से विधायक और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के सदस्य लालवेनछुंगा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मिजोरम और यहां के लोगों के हितों को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर रखने का आग्रह किया।

लालवेनछुंगा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से ईमानदारी बनाए रखने तथा अधिकारिक पदों पर बैठे लोगों को किसी भी गलत काम में शामिल न होने का आह्वान किया।

हालिया राजनीतिक चर्चाओं और कयासों का जिक्र करते हुए लालवेनछुंगा ने कहा कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा और गृह मंत्री के सपडांगा जैसे पार्टी नेताओं के बीच मतभेद एक बार फिर सार्वजनिक बहस का विषय बन गए हैं।

जेडपीएम नेता ने पार्टी में किसी भी तरह के विभाजन से इनकार करते हुए यह माना कि कुछ चर्चाओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है जिससे यह अफवाहें और अटकलें पैदा हुईं।

भाषा

प्रचेता अविनाश

अविनाश