संभल (उप्र), 22 जून (भाषा) संभल जिले के बबराला थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आरोपी तक पहुंचने में श्वान दस्ते में शामिल 'मैरी' की अहम भूमिका रही।
उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी संदीप (34) के पैर में लगी। मुठभेड़ में आरक्षी भोलू भी घायल हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि 19 जून को बबराला के एक गांव में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। बबराला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी और आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई थी।
उन्होंने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि आरोपी संदीप भागने की फिराक में है।
रावत ने बताया कि पुलिस ने बबराला-रजपुरा रोड पर नगरिया काजी गांव के पास नाकेबंदी कर उसे घेर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने खुद को घिरा हुआ देख पुलिस पर गोली चला दी जिसमें सिपाही भोलू घायल हो गया।
रावत ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली संदीप के पैर में लगी। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और तीन कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों घायलों को सीएचसी गुन्नौर में भर्ती कराया गया है। जांचकर्ताओं ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बबराला थाने में पहले से दर्ज मामले के साथ ही मुठभेड़ को लेकर नयी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी तक पहुंचने में श्वान दस्ते में शामिल 'मैरी' की अहम भूमिका रही। सफल खुलासे पर संभल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार विश्नोई ने 'मैरी' को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जांच के दौरान फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से एक गमछा मिला था। सीसीटीवी व अन्य माध्यमों से कोई सुराग न मिलने पर श्वान दस्ते को बुलाया गया।
उन्होंने बताया कि श्वान दस्ते में शामिल डॉग 'मैरी' गमछा सूंघकर सीधे बबराला के पंवारी गांव निवासी आरोपी संदीप के घर तक पहुंच गई। हालांकि, आरोपी घर से फरार था।
उन्होंने कहा मैरी की तस्दीक के बाद सक्रिय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 'मैरी' अपने बैच की स्वर्ण पदक विजेता है और 2019 से संभल में तैनात है। इससे पहले भी 'मैरी' ने चोरी, हत्या जैसी गंभीर वारदातों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई है।
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज