(अदिति खन्ना)
लंदन, 22 जून (भाषा) केअर स्टॉर्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से सोमवार को इस्तीफा देने की घोषणा की।
उन्होंने अपने उत्तराधिकारी के चुनाव की समय-सीमा भी तय करते हुए कहा कि आने वाले हफ्तों में नए नेता का चयन कर लिया जाएगा और वह सितंबर तक पदभार संभाल लेंगे।
स्टॉर्मर (63) ने कहा कि लेबर पार्टी के नए नेता के चुने जाने तक वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में पद पर बने रहेंगे। उन्होंने सत्ता का सुचारू हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए नए नेता को अपना ‘‘पूरा समर्थन’’ देने का वादा किया।
पिछले सप्ताह हुए एक अहम उपचुनाव में स्टॉर्मर के प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले एंडी बर्नहैम की जीत के बाद उनके प्रधानमंत्री पद से हटने की पृष्ठभूमि तैयार हुई। माना जा रहा कि बर्नहैम प्रधानमंत्री बनेंगे। बर्नहैम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह “इस प्रक्रिया के तहत अपनी दावेदारी पेश करेंगे।”
प्रधानमंत्री कार्यालय ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ से अपने संबोधन में भावुक स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘मेरी पार्टी अब यह सवाल पूछ रही है कि क्या अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए मैं सबसे उपयुक्त व्यक्ति हूं?’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उस सवाल पर अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुना है और मैं उस जवाब को सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं। मैंने जो भी फैसला लिया है, उसमें हमेशा उस देश को प्राथमिकता दी है जिससे मैं प्यार करता हूं। इसीलिए मैं लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’’
स्टॉर्मर ने कहा कि उन्होंने सोमवार सुबह महाराजा चार्ल्स तृतीय से बात करके उन्हें इस फैसले के बारे में जानकारी दी।
अब वह लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति (एनईसी) से अपने उत्तराधिकारी के चयन की समय-सीमा तय करने का अनुरोध करेंगे। इसके तहत नौ जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और संसद के ग्रीष्मकालीन अवकाश, जो 17 जुलाई से निर्धारित है, से पहले नए नेता के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
एनईसी नए नेता को चुनने की प्रक्रिया तय करेगी, लेकिन चर्चा है कि बर्नहैम को मिल रहे जबरदस्त समर्थन की वजह से वह निर्विरोध चुने जा सकते हैं और जुलाई के मध्य तक प्रधानमंत्री पद संभाल सकते हैं।
स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘अगर मुकाबला होता है, तो इससे यह पक्का हो जाएगा कि सितंबर में संसद के फिर से शुरू होने से पहले नया नेता चुन लिया जाए। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, मैं प्रधानमंत्री के पद पर बना रहूंगा और सत्ता का सुचारू रूप से हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश करूंगा।’’
उन्होंने कहा, “मैं अपने उत्तराधिकारी को पूर्ण और बिना शर्त समर्थन दूंगा। मुझे विश्वास है कि उन्हें ऐसा ब्रिटेन मिलेगा जो दो साल पहले मुझे मिले ब्रिटेन से कहीं ज्यादा मजबूत और न्यायपूर्ण है, आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहतर तरीके से तैयार है और लेबर पार्टी को लगातार दूसरी बार सत्ता में वापस लाने में भी अधिक सक्षम है।’’
स्टॉर्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने जुलाई 2024 के आम चुनाव में भारी जीत हासिल की थी। हाल के महीनों में कुछ विवादित फैसलों की वजह से प्रधानमंत्री के तौर पर उनकी लोकप्रियता में भारी गिरावट आई है।
भावुक दिख रहे स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘जब मैं देश की सबसे बड़ी जिम्मेदारी वाला पद छोड़ूंगा, तो मैं अपनी जिंदगी की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों पर अधिक ध्यान दूंगा। मैं अपनी पत्नी विक का बेहतर पति बनने की कोशिश करूंगा, जिन्होंने अच्छे और बुरे हर दौर में मेरा मजबूती से साथ दिया है। साथ ही, मैं अपने प्यारे बच्चों का सबसे अच्छा पिता बनने का प्रयास करूंगा, जो मेरे गर्व और खुशी का सबसे बड़ा कारण हैं।’’
उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत लेबर पार्टी की सरकार की उन उपलब्धियों को गिनाते हुए की, जो पिछले दो सालों में हासिल की गईं। उन्होंने कहा, “देखिए, हमने सिर्फ दो वर्षों में क्या हासिल किया है। हमारी अर्थव्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है और सहयोगी देशों की तुलना में तेज़ी से बढ़ रही है। सत्ता में आने के बाद से हर महीने वेतन वृद्धि महंगाई दर से अधिक रही है। निवेश सुनिश्चित किया गया, बुनियादी ढांचे का निर्माण हो रहा है।’’
स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘यह वह बदलाव है जिसका वादा लेबर पार्टी की सरकार ने किया था, जिसके लिए सरकार ने संघर्ष किया और जिसे सरकार ने साकार कर दिखाया है।’’
अपने राजनीतिक सफर और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए स्टॉर्मर ने कहा कि छह साल पहले उन्हें ऐसी पार्टी विरासत में मिली थी जो “राजनीतिक, आर्थिक और नैतिक रूप से टूट’’ चुकी थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्होंने अपने आलोचकों और संदेह करने वालों को गलत साबित किया तथा पिछले आम चुनाव में 174 सीटों के भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की।
नेतृत्व पद की दौड़ में शामिल संभावित दावेदारों को उम्मीदवार बनने के लिए लेबर पार्टी के कम से कम 20 प्रतिशत सांसदों का समर्थन हासिल करना होगा। इसके अलावा, उन्हें या तो पार्टी की कम से कम 5 प्रतिशत निर्वाचन क्षेत्रीय इकाइयों का समर्थन प्राप्त करना होगा, या फिर लेबर पार्टी से संबद्ध कम से कम तीन संगठनों अथवा श्रमिक संगठनों का समर्थन हासिल करना होगा। दावेदारों में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग का नाम भी शामिल माना जा रहा है।
स्टॉर्मर के इस्तीफे के साथ ही ब्रिटेन में पिछले 10 वर्षों के दौरान सातवें प्रधानमंत्री की तलाश शुरू हो गई है। इससे पहले कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार के कार्यकाल में भी नेतृत्व पद पर लगातार बदलाव देखने को मिले थे।
प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान स्टॉर्मर को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उन्होंने लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता पीटर मेंडलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त किया। इस नियुक्ति की आलोचना इसलिए हुई क्योंकि मेंडलसन के संबंध यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से जुड़े होने की बात पहले से सार्वजनिक रूप से ज्ञात थी।
भाषा आशीष माधव
माधव