Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

बजट से बंगाल के आर्थिक सुधार और महिला सशक्तीकरण को मिलेगी नयी दिशा: समिक भट्टाचार्य

कोलकाता, 22 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य समिक भट्टाचार्य ने सोमवार को राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता द्वारा पेश किए गए बजट का स्वागत किया।

उन्होंने इसे एक ‘‘व्यापक’’ और जन-हितैषी दस्तावेज़ बताया, जिसका मकसद राज्य की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करना और लोगों, खासकर महिलाओं, के जीवन को बेहतर बनाना है।

विधानसभा में बजट पेश किए जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में भट्टाचार्य ने कहा कि यह बजट सत्ता में आने से पहले भाजपा द्वारा किए गए वादों को पूरा करता है और राज्य की आर्थिक चुनौतियों से निपटने की कोशिश करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बजट के लिए दासगुप्ता और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं। यह एक व्यापक और जन-हितैषी बजट है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि यह बजट राज्य में ‘‘नयी जान’’ फूंकेगा और महिलाओं के लिए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह बजट न सिर्फ़ महिलाओं को सुरक्षा देगा, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में भी मदद करेगा।’’

भट्टाचार्य ने इस बात पर जोर दिया कि शुभेंदु सरकार राज्य की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने और कामकाज एवं विकास पर असर डालने वाली ढांचागत समस्याओं को दूर करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बजट समाज के सभी वर्गों की राय और उम्मीदों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें कोई शक नहीं कि यह पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करेगा और इसकी पूरी दिशा बदल देगा।’’

भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि सरकार ने सत्ता संभालने के बाद तेजी से काम किया है और यह तय समय-सीमा के भीतर अपने वादों को पूरा करने के लिए भी प्रयासरत है।

राजनीतिक विरोधियों की आलोचना का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने कामकाज और विकास के लिए भाजपा के दृष्टिकोण को मंज़ूरी दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘नतीजे सबके सामने हैं। पश्चिम बंगाल की जनता ने एक नयी दिशा में भरोसा जताया है।’’

बजट पेश करते हुए दासगुप्ता ने एक लाख सरकारी पद भरने, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी और महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना ‘‘अन्नपूर्णा योजना’’ के लिए 36,000 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की।

वित्त मंत्री ने कहा कि यह बजट ‘‘विकसित भारत’’ के दृष्टिकोण के अनुरूप एक 'आधुनिक, प्रगतिशील और विकसित बंगाल' बनाने के मकसद से तैयार किया गया है।

भाषा सुरेश माधव

माधव